
गणेशोत्सव के सबसे बड़े पंडाल में पहले दो दिन में आए 35 हजार लोग चार धाम की हू-ब-हू प्रतिकृतियों को देखकर लोग अचंभित
मुंबई। इस बार के गणेशोत्सव में मुंबई के सबसे विशाल गणेश मंडप ग्रांट रोड़ के ‘मुंबई गणेश महोत्सव’ में पहले दो दिन में करीब 35 हजार से भी ज्यादा लोगों ने सिद्धटेक अष्टविनायक गणपति सहित बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री, इन चारों धाम के दर्शन किए। ‘मुंबई गणेश महोत्सव’ के आयोजक विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने इतनी बड़ी संख्या में गणेश भक्तों के पधारने का आभार व्यक्त किया है। मुंबई में पहली बार एक साथ चार धाम की प्रतिकृति को लेकर लोगों में गजब का आकर्षण है।
गिल्डर टैंक स्कूल ग्राउंड पर आयोजित ‘मुंबई गणेश महोत्सव’ में विख्यात आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई के निर्देशन में करीब 50 हजार वर्ग फीट से भी ज्यादा बड़ा अत्यंत भव्य एवं दर्शनीय पंडाल बनाया गया है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की हू-ब-हू प्रतिकृतियां, वहां से विशेष रूप से आए पुजारीगणों द्वारा वहां की पद्धति के अनुसार पूजन अर्चन, वहीं से लाए जल का अभिषेक और वहीं का प्रसाद भी श्रद्धालुओं के लिए अपने आप में एक अलग अनुभव है। लोढ़ा फाउंडेशन के इस पंडाल में चारधाम के साथ विश्व के एकमात्र दाहिनी तरफ की सूंड वाले गणपति की सिद्धटेक अष्टविनायक प्रतिकृति भी लोगों का मन मोह रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन वृत्त पर महोत्सव परिसर में लगी एक विशेष प्रदर्शनी यहां आनेवाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। करीब 50 हजार वर्ग फीट में लगी यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी के युवाओं को खासा आकर्षित कर रही है। गणेशोत्सव के पहले दीन ही इस पंडाल में 15 हजार से भी ज्यादा लोग आए।
पिछले साल इस गणेश पंडाल में पांच लाख से भी ज्यादा लोगों ने दर्शन करके ‘मुंबई गणेश महोत्सव’ को शहर का सबसे चर्चित पंडाल बना लिया था। इस बार भी पहले दो दिनों में ही भक्तों की 35 हजार से भी ज्यादा संख्या देखकर पिछला रिकॉर्ड टूटता नजर आ रहा है। विधायक लोढ़ा ने लोगों से ‘मुंबई गणेश महोत्सव’ में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।