
आठ दिन में तीन लाख लोगों ने देखी मोदी की प्रदर्शनी
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई के लोगों को लुभा रहे हैं। वे नई दिल्ली में हैं, मगर मुंबई के लोगों को लग रहा है कि वे मुंबई में ही हैं। लोढ़ा फाउंडेशन के ‘मुंबई गणेश महोत्सव’ में लोग उनसे हाथ मिला रहे हैं, उनके साथ फोटो खिंचवा रहे हैं,‘नमो टी’ पी रहे हैं और मोदी के जीवन की झलकियां देखने के बाद उन पर कमेंट भी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की जीवनी पर लगी यह प्रदर्शनी इतनी भव्य है कि लोग ‘वाह’ कहे बिना नहीं रह सकते। शनिवार शाम तक आठ दिन पूरे होते होते तीन लाख से भी ज्यादा लोग इस प्रदर्शनी में आकर ‘प्रधानमंत्री’ से हाथ मिला चुके हैं। महोत्सव के आयोजक विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने इस प्रदर्शनी को मिले इतने जबरदस्त प्रसाद के लिए जनता का आभार जताया है।
ग्रांट रोड़ पूर्व स्थित गिल्डर टैंक ग्राउंड पर लोढ़ा फाउंडेशन के ‘मुंबई गणेश महोत्सव’ में चल रही इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के दुलर्भ पलों की तस्वीरों के साथ प्रेरणादायी स्वरूप में दर्शाया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल सहित बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने भी इस प्रदर्शनी को देखकर आश्चर्यजनक खुशी व्यक्त की। अमित शाह ने कहा कि इसमें कई चित्र इतने दुर्लभ हैं कि वे स्वयं भी पहली बार देख रहे हैं। प्रदर्शनी स्थल पर मोदी के जन्मस्थल वड़नगर के रेलवे स्टेशन पर खड़ी रेल की प्रतिकृति और वहीं पर बने नमो टी स्टॉल से चाय पीते हुए लोग मोदी की मूर्तियों और वहां लगे अनगिनत कटआउट्स के साथ लोग लगातार फोटो खिचवा रहे हैं। इस प्रदर्शनी में कोई प्रधानमंत्री के साथ हाथ मिलाता हुआ दिखता है, तो कोई हाथ हिलाकर मोदी के साथ लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए अपने को कैमरे में कैद करवा रहा है। विधायक लोढ़ा ने लोगों का आभार जताया है। प्रदर्शनी स्थल के आकाश में मोदी के अनेक चेहरे नजर आते हैं। युवाओं में तो मोदी की यह प्रदर्शनी देखने का उत्साह है ही, महिलाओं और बच्चों में भी बहुत ज्यादा उत्साह देखा जा रहा है।
लता मंगेशकर और नरेंद्र मोदी के लिए विधायक लोढ़ा द्वारा मुंबई में पिछले गणतंत्र दिवस पर आयोजित ‘ऐ मेरे वतन के लोगो...’ कार्यक्रम का विशाल स्क्रीन पर प्रसारण भी इस प्रदर्शनी में लोगों के लिए नया आकर्षण बना हुआ है। इस प्रदर्शनी कक्ष को आधुनिक मुंबई के शिल्पकार नाना जगन्नाथ शंकर सेठ का नाम दिया गया है। नरेंद्र मोदी की इस विशाल प्रदर्शनी के बाहर मराठी में लिखा स्लोगन ‘देशात मोदी - प्रदेशात मोदी’महाराष्ट्र के भविष्य की तस्वीर के बारे में भी बहुत कुछ कहता है। इस प्रदर्शनी के बाहर और अंदर कई विशाल बोर्ड पर प्रधानमंत्री के लिए संदेश लिखने का सुविधा की गई है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस पर आगामी 17 सितंबर को ये सारे संदेश नई दिल्ली में उन्हें सौंपे जाएंगे। अब तक करीब 30 हजार से भी ज्यादा लोगों ने मोदी के नाम संदेश लिखे हैं। गणेशोत्सव के दौरान लगी प्रधानमंत्री मोदी पर यह प्रदर्शनी आम लोगों में मोदी की लोकप्रियता के नए कीर्तिमान गढ़ रही है।